विधायक लता उसेंडी ने बच्चों को पिलाई पोलियो की दवा, किया बच्चों को गणवेश वितरण
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
कोड़ागांव, 28 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत आज रविवार को कोड़ागांव जिले में व्यापक स्तर पर पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया।
बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने विकासखंड कोण्डागांव के ग्राम पंचायत फरसगांव (डोंगरीगुड़ा) स्थित आंगनबाड़ी केंद्र तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिपावंड पहुंचकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को गणवेश वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। विधायक ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा बच्चों के बेहतर पोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के लिए शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर एवं दिव्यांगता का कारण बनने वाली बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक अभिभावक का दायित्व है कि वे जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को समय पर पोलियोरोधी दवा की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बचपन ही विकसित समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, मितानिनों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने तथा कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए घर-घर पहुंचकर जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत विकासखंड कोण्डागांव में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 30,966 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बूथों एवं विशेष टीमों के माध्यम से अभियान का सफल संचालन किया गया, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य नंद लाल राठौर,सरपंच सूरज नेताम, दीपेश अरोरा, चंदन साहू, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरेंद्र बघेल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रतीक चौधरी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी आशुतोष मिश्रा, बीईटीओ सुनीता सरकार, बीपीएम नीरज सोरी, सेक्टर सुपरवाइजर हरीश जायसवाल एवं देवकी देवांगन सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
---------------

