माध्यमिक शिक्षा से संबंधित कार्यों को बेहतर बनाना मेरी प्राथमिकता : रितु तोमर
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
मुरादाबाद, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले की नवागत प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक रितु तोमर ने कार्यभार संभालने के बाद बुधवार को पत्रकारों काे अपनी प्राथमिकताएं बतायी। उन्हाेंने कहा कि माध्यमिक शिक्षा से संबंधित कार्यों को बेहतर बनाना, शिक्षकों की समस्याओं का समाधान तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना मेरी प्राथमिकता है।
अभी तक मुरादाबाद के जिला विद्यालय निरीक्षक रहे देवेंद्र कुमार पांडेय का तीन दिन पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक, लखनऊ के पद पर स्थानांतरण हो गया था। वहीं मुरादाबाद की प्रभारी डीआईओएस बनी रितु तोमर अभी तक जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौतमबुद्ध नगर की वरिष्ठ प्रवक्ता थी। रितु तोमर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना भी मेरा लक्ष्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के हितों से जुड़े कार्यों, विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों तथा विभागीय योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रभारी डीआईओएस ने कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरणके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए विभागीय कर्मचारियों से जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
--------

