मप्र के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की अपील पर अपने कारकेड में घटाई वाहनों की संख्या
- DSS Admin
- May 12, 2026
- राष्ट्र हित में पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने पर मध्य प्रदेश में होगा अमल, निर्देश जारी
भोपाल, 12 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर मंगलवार से आगामी आदेश तक अपने कारकेड में वाहनों की संख्या कम कर दी है। आगामी आदेश तक मुख्यमंत्री के कारकेड में 13 वाहनों के स्थान पर 8 वाहन ही चलेंगे। उनके भ्रमण के समय वाहन रैली आयोजित नहीं की जाएगी।
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गत दिवस राज्य मंत्री परिषद की बैठक में मंत्री परिषद के सदस्यों से वर्तमान वैश्विक संकट को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने सहित राष्ट्र हित में सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को प्रोत्साहित करने की अपील की थी। मध्य प्रदेश गंभीरता से इस पर अमल करेगा। इस तारतम्य में राज्य सरकार ने मंगलवार देर शाम आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान और दिए गए सुझावों के अनुरूप मध्य प्रदेश में शासकीय कार्यों में मितव्ययता के उपायों पर अमल करने को कहा है। मंत्रीगण सहित निगम-मंडल के पदाधिकारियों और आम नागरिकों से वाहनों के कम से कम प्रयोग करने, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने और अनावश्यक रूप से वाहनों का उपयोग न किए जाने को कहा गया है।
राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सभी मंत्रीगण यात्रा में न्यूनतम वाहनों का प्रयोग करेंगे। यह भी निर्देश जारी किए गए हैं कि नव नियुक्त निगम-मंडल के पदाधिकारी सादगी से कार्यभार ग्रहण करें और वाहन रैली आयेाजित न करें।
---------------

