आत्मनिर्भर और रक्षा उत्पाद निर्माता के रूप में हो रही अब भारत का पहचान : ज्योतिरादित्य सिंधिया
- DSS Admin
- Jul 05, 2026


भोपाल, 05 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह भारत का दौर है। आज हमारा भारत आंख झुकाकर नहीं, आंख मिलाकर बात करता है। भारत की पहचान अब एक प्रगतिकारक, आत्मनिर्भर और रक्षा उत्पाद निर्माता भारत के रूप में हो रही है।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया रविवार को शिवपुरी जिले के पाली में लगभग 2,500 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाले अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ग्रुप के अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया, आत्मर्भिर भारत और डिफेंस कॉरिडोर जैसी दूरदर्शी नीतियों के परिणामस्वरूप भारत डिफेंस क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश की सीमाओं को मजबूती देने के लिए मिशन सुदर्शन चक्र और आकाश एयर डिफेंस सिस्टम तैयार किया जा रहा है।
सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी की धरती पर आज अदाणी डिफेंस यूनिट का भूमिपूजन हो गया है। अब यहां विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में भोपाल में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में अदाणी ग्रुप के चेयरपर्सन गौतम अदाणी ने मध्य प्रदेश में विभिन्न सेक्टर्स में कुल 1.10 लाख करोड़ रुपये का निवेश करने की घोषणा की थी। शिवुपरी में डिफेंस यूनिट की स्थापना श्री अदाणी की उसी घोषणा के परिपालन में धरातल में किया गया एक प्रयास है।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश देश का वह अनूठा प्रदेश है, जहां आने वाले निवेशकों का सिर्फ दिल ही नहीं, उनका विश्वास भी जीता जा रहा है। अदाणी ग्रुप के इस डिफेंस प्लांट के निर्माण से न केवल हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि भारत के रक्षा उत्पाद मानचित्र में अब शिवपुरी जिले का नाम भी स्वर्ण अक्षरों से लिखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि बीते 5 सालों की अथक मेहनत के बाद आज शिवपुरी में इस डिफेंस प्लांट की स्थापना यह बताती है कि राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियों के प्रति उद्योग जगत और निवेशकों का भरोसा दिनो-दिन बढ़ रहा है। शिवपुरी, ग्वालियर से कोटा एक्सप्रेस-वे, आगरा-मुम्बई एक्सप्रेस-वे सहित हर तरफ से देश से जुड़ा हुआ है। इससे यहां निवेश करने वाले उद्योगपतियों को लाजिस्टिक्स की सभी सुविधाएं मुहैया हो जाती है, इसीलिए यह पूरा क्षेत्र निवेश का उभरता पावर हाऊस बनता जा रहा है। इस क्षेत्र में नई-नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं।
सिंधिया ने कहा कि अदाणी ग्रुप की यह इकाई भारत की रक्षा आपूर्ति श्रृंखला को सार्थक बनाने की बड़ी भूमिका निभाएगी। इससे शिवपुरी ही नहीं, ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा।
इससे पहले, केन्द्रीय मंत्री सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शिवपुरी के पोलोग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के पाली में लगभग 2,500 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाले अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ग्रुप के अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का पूजा-अर्चना कर विधिवत शिलान्यास किया। इस मौके पर सिंगल क्लिक से शिवपुरी जिले के लिए करीब 211 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 38 विकास कार्यों का ई-लोकार्पण एवं ई-भूमिपूजन भी किया गया।
कार्यक्रम में अदाणी समूह से निदेशक जीत अदाणी ने कहा कि मध्य प्रदेश आज रक्षा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए दक्षिण एशिया के सबसे बड़े मिसाइल इकोसिस्टम की शुरुआत करने जा रहा है। यह अत्याधुनिक फैसिलिटी नेशनल डिफेंस के लिए रॉ मटेरियल से लेकर तैयार मिसाइलों तक का निर्माण एक ही परिसर में करेगी। मुख्यमंत्री डॉ यादव और केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के कुशल नेतृत्व तथा राज्य सरकार द्वारा इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विकास पर दिए गए विशेष फोकस से मध्य प्रदेश देश की सबसे शक्तिशाली ग्रोथ स्टोरी के रूप में उभरा है।
कार्यक्रम को मुख्यमंत्री मोहन यादव, विधायक देवेन्द्र जैन और विधायक महेन्द्र यादव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायकगण प्रीतम सिंह लोधी व रमेश प्रसाद खटीक, अदाणी ग्रुप के निदेशक करण अदाणी, जसवंत जाटव तथा अन्य जनप्रतिनिधियों एवं लाडली बहनों सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे। इस दौरान नई डिफेंस यूनिट पर केंद्रित एक आडियो-वीडियो फिल्म का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर अदाणी डिफेंस एण्ड एयरोस्पेस प्लांट की प्रदर्शनी भी लगाई गयी।
---------------------

