मप्रः उज्जैन जिले में महिला के बाल काटे-कपड़े फाड़े और चप्पल की माला पहनाकर गांव में निकाला जुलूस

- 11 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज, 3 गिरफ्तार

उज्जैन, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के झारड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला को बाल काटकर और कपड़े फाड़कर अर्धनग्न अवस्था में गांवभर में जुलूस निकालने का मामला सामने आया है। आरोप उसके ससुरालवालों पर है। पुलिस ने तीन महिलाओं समेत 11 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आठ की तलाश की जा रही है।

झारड़ा थाना प्रभारी आनंद भाबोर ने गुरुवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घटना 30 जून की है। पीड़ित महिला की शादी अरनिया वेणा गांव में हुई थी। बाद में गांव के ही एक युवक से उसका प्रेम संबंध हो गया। साल 2023 में वह अपने पहले पति को छोड़कर प्रेमी के साथ इंदौर चली गई और दोनों शादी करके वहीं रहने लगे। कुछ समय बाद महिला ने नए ससुराल की जमीन में हिस्सेदारी की मांग की। इसी सिलसिले में वह 30 जून को अरनिया वेणा स्थित ससुराल पहुंची थी। यहां उसका ससुरालवालों से विवाद हो गया।

पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 9 बजे सुमेर सिंह, कचरू सिंह और बद्रीलाल अन्य लोगों के साथ दरवाजा तोड़कर उसके कमरे में घुस आए और उन्होंने बाल तथा हाथ पकड़कर उसे घसीटते हुए बाहर निकाला, जहां ससुराल की तीन महिलाओं समेत दूसरे सदस्य मौजूद थे। आरोपियों ने उसके सिर के बाल काट दिए। कपड़े फाड़कर उसे अर्धनग्न कर दिया। फिर गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में जुलूस निकाला। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उसके और पति के साथ मारपीट की गई। जान से मारने की धमकी दी गई। महिला की आंख, गाल, सिर, पेट जबकि पति के चेहरे, सीने और पेट पर चोटें आई हैं।

थाना प्रभारी भाबोर ने बताया कि महिला की शिकायत पर कुल नौ लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। इनमें तीन आरोपी सुमेर, कचरू और बद्रीलाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर