बहराइच, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में साेमवार की देर रात नानपारा काेतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक ट्रांसपोर्ट व्यापारी की अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की गम्भीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल राजनाथ सिंह ने बताया कि पूछताछ में परिजनाें से पता चला है कि रात नाै बजे किसी का फाेन आने ट्रांसपोर्ट व्यापारी अजय कुमार द्विवेदी मोटरसाइकिल लेकर घर से निकल गए। एक घण्टे बाद कानपुर निवासी अज्जू नाम के एक व्यक्ति ने व्यापारी की घायल हाेने की जानकारी उनके पुत्र को फोन कर दी गई।
सूचना मिलते ही परिजन सरयू नहर ग्राम पंचायत सिसवारा पहुंचे, जहां अजय सड़क किनारे गम्भीर रूप से घायलावस्था में खून से लहूलुहान हाेकर पड़े थे। परिजन उन्हें तत्काल एक निजी नर्सिंग होम में ले गए,जहां प्रारम्भिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन उन्हें लेकर सीएचसी नानपारा पहुँचे, वहां भी चिकित्सकों ने मौत को पुष्टि कर दिया।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह, कोतवाल राजनाथ सिंह, एसआई कामेश्वर रॉय, राम गोविन्द वर्मा सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किये और शव का पंचनामा भर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
कोतवाल ने बताया कि हत्या के कारणों का फिलहाल अभी पता नहीं चल सका है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, जल्द ही घटना का अनावरण कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-------------------

