कानपुर में कोचिंग संचालक की रहस्यमय मौत, जांच में जुटी पुलिस

कानपुर, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में नवाबगंज थाना क्षेत्र स्थित एक कोचिंग सेंटर में सोमवार को संचालक का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी तब हुई जब सुबह कोचिंग पढ़ने के लिए छात्र पहुंचे और उन्होंने संचालक को मृत अवस्था में देखा। छात्रों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

यशोदा नगर निवासी प्रकाश चंद्र गुप्ता (47) नवाबगंज के विष्णुपुरी क्षेत्र में एक कोचिंग सेंटर का संचालन करते थे। वह पिछले करीब 10 वर्षों से एक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान की फ्रेंचाइजी चला रहे थे। रविवार शाम उन्होंने परिजनों को फोन कर बताया था कि वह आईपीएल फाइनल मैच देखने के बाद कोचिंग सेंटर में ही रुकेंगे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे।

आज सुबह छात्र कोचिंग पहुंचे तो संचालक का शव खून से सना हुआ पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112, नवाबगंज पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतक की एक आंख के ऊपर चोट का निशान मिला है और मुंह से खून निकलने के संकेत भी मिले हैं। मृतक मधुमेह से पीड़ित थे और शराब पीने के आदी बताए जा रहे हैं। पुलिस को उनके पास से पर्स, घड़ी और करीब 15 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं, जिससे लूट की आशंका फिलहाल कम मानी जा रही है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले के खुलासे के लिए एसीपी कर्नलगंज चित्रांशु गौतम के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।----------

   

सम्बंधित खबर