मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय: निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार, कुलपति ने किया निरीक्षण

मीरजापुर, 11 मार्च (हि.स.)। मड़िहान तहसील के देवरी कलां स्थित मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण मंगलवार दोपहर कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उसकी गति का जायजा लिया। कुलपति ने कार्यदायी संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्माण कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए।

कार्यदायी संस्था ने अवगत कराया कि जुलाई 2025 तक एकेडमिक बिल्डिंग और एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग के प्रथम तल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इस पर कुलपति ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने से विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी और छात्रों को एक बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।

निरीक्षण के दौरान उप कुलसचिव सुनील कुमार सरोज, सहायक कुलसचिव डॉ. आनंद कुमार सिंह, विनोद सिंह सहित विश्वविद्यालय के अन्य कर्मचारी और निर्माण कार्य से जुड़े लोग उपस्थित रहे। कुलपति ने निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए इसे तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए और आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

   

सम्बंधित खबर