महाशिवरात्रि पर इस बार 32 स्थानों से निकलेंगी शोभा यात्राएं : संजीव चौरसिया
- Admin Admin
- Feb 16, 2025

-राज्यपाल-मुख्यमंत्री उतारेंगे शिव-बारात झांकियों की आरती
पटना, 16 फरवरी (हि.स.)। पटना स्थित खाजपुरा शिव मंदिर परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में रविवार को सम्मेलन में समिति के संयोजक सह विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने कहा कि पिछले सात वर्षों की तरह इस वर्ष भी 26 फरवरी को श्री श्री महाशिवरात्रि महोत्सव शोभा यात्रा अभिनंदन समिति की ओर से महाशिवरात्रि महोत्सव मनाया जाएगा। राजधानी के अलग-अलग इलाकों से 32 शोभा यात्राएं और शिव-बारात झांकियां निकाली जाएंगी। भाजपा विधायक चौरसिया ने कहा कि मुख्य समारोह खाजपुरा शिव मंदिर परिसर में होगा जहां शोभा यात्राओं के स्वागत के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन संध्या, तांडव नृत्य, गंगा आरती और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, केंद्र व राज्य सरकार के कई मंत्री, धर्माचार्य और समाज के प्रबुद्ध जन भाग लेंगे और शोभा यात्राओं के अभिनंदन के साथ झांकियों की आरती उतारेंगे। मुख्य मंच पर शोभा यात्रा समितियों को मोमेंटो, मेडल व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
मौके पर राज्य सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष सिंह ने हर हर महादेव के जयघोष के बीच दो शिव विवाह रथों को झंडी दिखाकर रवाना किया। ऐसे कई रथ पूरे पटना में महोत्सव का प्रचार करेंगे। मंत्री ने समिति के कैलेंडर-पोस्टर का भी लोकार्पण किया।
डॉ. चौरसिया ने बताया कि महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बेली रोड, वीरचंद पटेल पथ और जेपी गंगा पथ पर बड़ी-बड़ी शिव पताकाएं लगाई गई हैं। जिन मुहल्लों से शोभा यात्राएं निकलेंगी, उनका रूट चार्ट तैयार है। जगह-जगह स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की जाएगी। मुख्य मार्गों पर तोरण द्वार बनाए जाएंगे। घरों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को झंडों से पाटा जाएगा। मुख्य समारोह स्थल, खाजपुरा शिव मंदिर परिसर को रंगीन बल्बों से सजाया जाएगा।
इस बार ‘महाकुंभ में महादेव’ और ‘महादेव के 19 अवतार’ की थीम पर आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। राजधानी के 251 मंदिरों में सोमवार 17 फरवरी को एक साथ एक समय पर शिव चर्चा कराने की भी तैयारी है। हर मंदिर के लिए अलग-अलग प्रभारी बनाए गए हैं। माहौल को शिवमय बनाने और शिव-बारात में ज्यादा से ज्यादा श्रद्धालु भाग ले सकें, इसके लिए समिति के सदस्य घर-घर जाकर संपर्क व जागरण अभियान चला रहे हैं। महाशिवरात्रि महोत्सव के मुख्य आकर्षण
32 स्थानों से शोभा यात्राएं व शिव-बारात झांकियां निकलेंगी।
राज्य के राज्यपाल और मुख्यमंत्री झांकियों की उतारेंगे आरती।
यहां मुख्य मंच के अलावा दो और मंच तैयार किए जाएंगे।
भजन संध्या, तांडव नृत्य, गंगा आरती व महाप्रसाद वितरण।
शोभा यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं पर की जाएगी पुष्प वर्षा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी