गुवाहाटी एयरपोर्ट के निकट अतिक्रमण हटाओ अभियान, लगभग 50 दुकानें ध्वस्त
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
गुवाहाटी, 15 जून (हि.स.)। गुवाहाटी के आजरा क्षेत्र स्थित मिर्जापुर इलाके में, लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट सोमवार को जिला प्रशासन ने व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान कृषि भूमि पर कथित रूप से निर्मित लगभग 50 दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को ध्वस्त कर दिया गया।
राजस्व विभाग के अधिकारियों की निगरानी में चलाए गए इस अभियान में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन ने बुलडोजरों की सहायता से अवैध ढांचों को हटाया। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित भूमि कृषि उपयोग के लिए निर्धारित थी, जबकि वहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं, जो भूमि उपयोग नियमों का उल्लंघन है।
अभियान के बाद स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में भारी नाराजगी देखी गई। प्रभावित लोगों का दावा है कि कई दुकानें वर्षों से उनकी मायादी पट्टा (आवधिक पट्टा) भूमि पर संचालित हो रही थीं। कई दुकानदारों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उन्हें पर्याप्त पूर्व सूचना या वैकल्पिक व्यवस्था के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया।
व्यापारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से उनकी आजीविका पर गंभीर असर पड़ा है और अनेक परिवारों की आय का प्रमुख स्रोत समाप्त हो गया है। प्रभावित लोगों ने कहा कि वर्षों की मेहनत और निवेश कुछ ही घंटों में मिट्टी में मिल गया।
अभियान के दौरान क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय निवासी मौके पर एकत्र होकर प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताते रहे। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कृषि भूमि पर व्यावसायिक अतिक्रमण हटाने और भूमि उपयोग नियमों को लागू करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।
-----------

