अमरनाथ यात्रा के बीच बड़ा अलर्ट-बिलावर में संदिग्ध ओजीडब्लू के घर से 2 ग्रेनेड बरामद, आतंकी साजिश की आशंका

Major alert amid Amarnath Yatra: 2 grenades recovered from house of suspected OGW in Bilawar, terror plot suspected


कठुआ, 08 जुलाई । जम्मू-कश्मीर में जारी श्री अमरनाथ यात्रा के बीच सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क करने वाली एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कठुआ जिले के बिलावर क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध ओवर ग्राउंड वर्कर के घर पर छापेमारी के दौरान दो ग्रेनेड बरामद किए हैं।

इस कार्रवाई को सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है खासकर ऐसे समय में जब श्री अमरनाथ यात्रा सुचारू रूप से जारी है और लाखों श्रद्धालु प्रदेश में आ-जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि इन विस्फोटकों का इस्तेमाल किसी बड़ी साजिश के तहत किया जा सकता था। एसएसपी कठुआ मोहित शर्मा (आईपीएस) ने इस बरामदगी की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच जारी है और विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को आतंकी मॉड्यूल से जोड़कर भी जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद ग्रेनेड कहां से लाए गए और उनका संभावित टारगेट क्या था। अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर इस बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है जिसके चलते पूरे क्षेत्र में सतर्कता और निगरानी को और सख्त कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हैं और आने वाले समय में और बड़े खुलासे होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

---------------

   

सम्बंधित खबर