खेत में मिला नर कंकालः कपड़ों से मृतक की पहचान के प्रयास

जयपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। दौलतपुरा थाना इलाके में एक खेत में शनिवार दोपहर नर कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। कंकाल मिलने की जगह के पास ही पेड़ पर एक फंदा भी लटका मिला। फंदे पर लटकी शर्ट व नीचे पड़े कंकाल को देखकर वहां बाजरा काट रही महिला के चिल्लाने पर लोगों को पता चला। पुलिस नेफोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम की मदद से मौके से सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए कंकाल को कांवटिया हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है।

थानाधिकारी मनीष कुमार शर्मा ने बताया कि थाना इलाके में स्थित बिलोची गांव में बावड़ी की ढाणी स्थित खेत में नर कंकाल मिला है। खेत में बोए बाजरे की फसल की महिलाओं द्वारा फसल काटी जा रही थी। बाजरा काटते समय खेत में लगे बबूल के पेड़ के पास पहुंची। पेड़ के करीब छह फीट ऊंची डाल पर फंदे पर एक शर्ट लटकी दिखाई दी। नीचे जमीन पर देखने पर नर कंकाल पड़ा मिला। कंकाल को देखकर महिला के शोर मचाने पर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। खेत में नर कंकाल मिलने का पता चलने पर लोगों में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की मदद से सबूत जुटाए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए कंकाल को कांवटिया हॉस्पिटल की मोर्चरी में भिजवाया। पुलिस का कहना है कि नर कंकाल करीब 20-25 दिन पुराना है। प्रथमदृष्टया जांच में गले में फंदा लगने से मौत होना लग रहा है। कंकाल के पास पड़े मिले कपड़ों से मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

   

सम्बंधित खबर