संविधान दिवस पर ममता बनर्जी ने लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए सतत संघर्ष का आह्वान किया
- Admin Admin
- Nov 26, 2025
कोलकाता, 26 नवम्बर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने देश में लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और संघीय ढांचे पर मंडरा रहे खतरे को रेखांकित करते हुए इन्हें बचाने के लिए सतत संघर्ष का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि वर्तमान समय में लोकतंत्र संकट में है, धर्मनिरपेक्षता असुरक्षित स्थिति में है और संघीय ढांचा कमजोर करने की कोशिशों का सामना कर रहा है, ऐसे में संविधान की अमूल्य मार्गदर्शिका की रक्षा करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस पर हर नागरिक को भारतीय संविधान में निहित मूल लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराना चाहिए तथा उन पवित्र सिद्धांतों की सतर्कता से रक्षा करनी चाहिए जो भारत को एक राष्ट्र के रूप में परिभाषित और संचालित करते हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भारतीय संविधान देश की रीढ़ है, जो विविध भाषाओं, संस्कृतियों और समुदायों को एकीकृत संघीय ढांचे में पिरोता है।
अपने संदेश में उन्होंने संविधान निर्माताओं को भी नमन किया और विशेष रूप से डॉ. बीआर अम्बेडकर तथा संविधान सभा के बंगाल से जुड़े सदस्यों को उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके अलावा लाेकसभा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी संविधान को देश के नागरिकाें से किया गया पवित्र वादा बताया। उन्होंने कहा कि जब तक संविधान सुरक्षित है, तब तक हर भारतीय के अधिकार सुरक्षित हैं और किसी भी हमले से संविधान की रक्षा के लिए वह सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़े रहेंगे। ---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर



