तेज आंधी से आम की फसल बर्बाद

बागपत, 14 मई (हि.स.)। दिल्ली एनसीआर में मंगलवार देर शाम आयी तेज आंधी ने आम की फसल बर्बाद कर दी। किसानों का कहना है कि 60 प्रतिशत आम की फसल तबाह हो गयी है। जिला उद्यान विभाग नुकसान का आंकलन करने में जुटा है। नुकसान की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।

बंगाल की खाड़ी में मानसून ने दस्तक दे दी है। जिसका असर निकटवर्ती क्षेत्र में देखने को मिला है। दिल्ली एनसीआर में भी मंगलवार देर शाम को तेज तूफान आया जिसमे आम के पेड़ों की डालिया टूट गयी गयी। पेड़ाें पर लगा आम टूट कर गिर गया। तूफान का समय मात्र पांच मिनट था लेकिन जिस स्थान से गुजरा पेड़ उखाड़ गए, बिजली के खम्बे टूट गए। आम की फसल को भारी नुकसान हुआ है।

किसान कृष्ण त्यागी, विपिन त्यागी का कहना है कि 60 प्रतिशत फसल तबाह हो गयी है। पेड़ो के नीचे आम बिखरा पड़ा है। नीचे गिरे आम के पैसे भी कम मिलेंगे। नुकसान से किसान परेशान है। जिला उद्यान अधिकारी दिनेश कुमार अरुण ने टीम बनाकर क्षेत्र में भेजी है। जो फल पट्टी क्षेत्र में आम की फसल को हुए नुकसान का आंकलन करेंगे। जिला उद्यान अधिकारी दिनेश कुमार अरुण का कहना है कि आम की फसल को हुए नुकसान का सर्वे किया जा रहा है। एक रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजी जाएगी। जिन किसानों ने आम के बागों के बीमा कराये है वे बीमा कंपनी को अवगत करा दे। शासन से भी किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने का प्रयाश किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

   

सम्बंधित खबर