इंफाल, 15 मई (हि.स.)। मणिपुर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल को सात मई को हुई गोलीबारी की घटना के संबंध में बड़ी सफलता मिली है। इस गोलीबारी में शामिल एक आरोपित के अलावा केसीपी (ताइबांगानबा) गुट के एक कैडर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस मुख्यालय ने आज बताया कि 13 मई को, सुरक्षा बलों ने उग्रवादी संगठन केसीपी (ताइबांगानबा) के सक्रिय कैडर खोंगबांताबम चिंगलेम्बा मैतेई उर्फ नाओ (35) को गिरफ्तार किया। नाओ को थोउबल जिले के थोउबल थानांतर्गत याइरिपोक लमखाई इलाके से पकड़ा गया। वह लमसांग लमदेंग खुनौ (वर्तमान में थोउबल अवांग लीकाई) का रहने वाला है। उसके पास से एक मोबाइल फ़ोन जब्त किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि 13 मई को नोनी जिले के खौपम थानांतर्गत जौजांगटेक और नुंगसाई-II गांव की सीमा पर कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की, जिसमें एक आम नागरिक की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच सात मई को इंफाल पूर्वी जिले के हिंगांग थानांतर्गत तांगखाम अवांग लीकाई में एक घर के गेट पर गोलीबारी से जुड़ी एक प्राथमिकी के मामले की जांच के बाद घटनास्थल का मुआयना करने पर वहां से 9 एमएम के पांच जिंदा कारतूस, चार खाली खोखे और गोली का एक टुकड़ा बरामद किया गया।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि इसी केस की जांच के दौरान 11 मई को एक नाबालिग को पकड़ा गया। उसके साथी इंफाल पूर्वी जिले के हाराओरो अवांग लीकाई का रहने वाले उशाम रोशन सिंह उर्फ नाओबी (28) को 12 मई को गिरफ्तार किया गया। जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपितों और उनके अन्य साथियों ने धन उगाही के लिए डर और दहशत फैलाने के मकसद से गोलीबारी की ।

