बंगाल में सत्ता बदलने के बाद माओवादी ऑपरेटिव ने किया आत्मसमर्पण, साथियों से मुख्यधारा में लौटने की अपील
- DSS Admin
- May 12, 2026
कोलकाता, 12 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में एक माओवादी ऑपरेटिव ने मंगलवार को राज्य पुलिस प्रशासन के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने और सामान्य जीवन जीने की इच्छा जताई। आत्मसमर्पण करने वाले ऑपरेटिव की पहचान हुगली जिले के जंगीपाड़ा निवासी मधाई पात्र के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आत्मसमर्पण के समय उसके पास से किसी हथियार या विस्फोटक की बरामदगी की तत्काल पुष्टि नहीं हुई है।
आत्मसमर्पण के बाद मधाई पात्र ने कहा कि खराब स्वास्थ्य के कारण उसने उग्रवादी रास्ता छोड़ने का फैसला किया। उसने बताया कि पुलिस के समक्ष आने से पहले उसने अपने “इंचार्ज” से अनुमति ली थी।
मधाई पात्र ने कहा, “मेरी शारीरिक स्थिति ठीक नहीं है। इसी वजह से मैंने आत्मसमर्पण कर सामान्य जीवन में लौटने का निर्णय लिया है।” उसने अपने पूर्व साथियों और अन्य माओवादी कार्यकर्ताओं से भी हिंसा छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की।
उसने दावा किया कि वह लंबे समय से बिहार, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में सक्रिय कई माओवादी संगठनों से जुड़ा था। स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ने के बाद उसने भूमिगत गतिविधियों से दूरी बनाने का फैसला किया।
मधाई पात्र के अनुसार, उसने अपने इंचार्ज बताए जा रहे मिहिर बेसरा से इस विषय पर चर्चा की थी, जिसके बाद उसने पुलिस से संपर्क कर कोलकाता पुलिस के समक्ष औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण किया।
मुख्यधारा में लौटने के बाद उसने सामान्य रोजगार के जरिए जीवनयापन करने और आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादियों के लिए उपलब्ध सरकारी पुनर्वास योजनाओं का लाभ उठाने की इच्छा जताई।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब केंद्र सरकार देशभर में माओवाद विरोधी अभियान चला रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहले घोषणा की थी कि 31 मार्च 2026 तक देश से माओवाद का सफाया कर दिया जाएगा। हालांकि समयसीमा बीत जाने के बावजूद हाल के महीनों में विभिन्न राज्यों में कई माओवादी ऑपरेटिव के आत्मसमर्पण की खबरें सामने आई हैं।
मधाई पात्र ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री की घोषणा से पहले ही वह मुख्यधारा में लौटने पर विचार कर रहा था। उसने बताया कि मिहिर बेसरा ने उन्हें आश्वस्त किया था कि निर्धारित समयसीमा के बाद भी आत्मसमर्पण संभव होगा।
इसी बीच, एक अन्य महत्वपूर्ण कार्रवाई में कोलकाता पुलिस ने मंगलवार को उत्तर काशीपुर थाना क्षेत्र से एक महिला माओवादी नेता को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिला की पहचान श्रद्धा विश्वास उर्फ बेला के रूप में हुई है, जो झारखंड में दर्ज कई मामलों में वांछित बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसकी गिरफ्तारी पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
-------------

