
गुवाहाटी, 22 अप्रैल (हि.स.)। पंचायत चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। भाजपा असम प्रदेश के प्रवक्ता कल्याण गोगोई ने कहा कि जनता का अपार स्नेह और आशीर्वाद पार्टी और उसके सहयोगियों के पक्ष में नई ऊर्जा लेकर आया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया की रैलियों में उमड़ी भारी भीड़ स्पष्ट संकेत देती है कि भाजपा की जीत तय है।
गोगोई ने बताया कि अब तक 39 जिला परिषद और 299 अंचलिक पंचायत सीटों पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध विजयी हो चुके हैं, जो ग्रामीण जनता के बीच भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की चुनावी चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इनके पास न तो जमीनी संगठन है और न ही जनता का समर्थन। कई क्षेत्रों में तो विपक्ष उम्मीदवार ही नहीं खड़ा कर पाया, जिससे भाजपा को निर्विरोध जीत मिली।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में हुए विकास कार्य और प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया की संगठनात्मक रणनीति ने भाजपा कार्यकर्ताओं को जोश से भर दिया है। कार्यकर्ता पूरी ताकत से प्रचार अभियान में जुटे हैं।
गोगोई ने विपक्ष की एकता को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि कांग्रेस की अगुवाई वाला गठबंधन सिर्फ सत्ता की भूख है, जिसकी कोई वैचारिक दिशा नहीं है। उन्होंने कहा कि आंतरिक कलह और कमजोर संगठन की वजह से ये दल भाजपा को टक्कर देने में असमर्थ हैं। अपनी कमजोरी छुपाने के लिए ये लोग भाजपा पर झूठे आरोप लगा रहे हैं।
गोगोई ने कांग्रेस के भीतर टिकट वितरण में कथित पैसों के लेनदेन को लेकर उभरे विवाद को भी उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के ही आरोप ‘टिकट के लिए पैसा’ जैसी संस्कृति को उजागर करते हैं और यह उनकी लोकतांत्रिक संस्थाओं में आस्था की कमी को दिखाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आंतरिक जांच कमेटी बनाना ही उनकी दोषी मानसिकता का प्रमाण है।
उन्होंने कांग्रेस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि जहां-जहां वे चुनाव लड़ रहे हैं, वहां जीतकर दिखाएं। सिर्फ बयानबाजी और आरोपों से वे चुनावी वैतरणी पार नहीं कर सकते। गोगोई ने विश्वास जताया कि जैसे भाजपा ने राभा हासोंग स्वायत्त परिषद चुनावों में शानदार जीत हासिल की थी, वैसे ही पंचायत चुनावों में भी जनता के आशीर्वाद से पार्टी विजयी होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश