दौसा में बंद रहा बाजार, व्यापारियों का धरना-प्रदर्शन

दौसा, 15 मई (हि.स.)। जिले के सिकंदरा चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण शुरू होने से पहले ही विवाद खड़ा हो गया। यहां ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए ओवरब्रिज निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने 30 करोड रुपए से ज्यादा की बजट स्वीकृति जारी की है। ऐसे में ओवरब्रिज निर्माण शुरू होने से पहले व्यापारियों ने शुक्रवार को बाजार बंद रखकर धरना प्रदर्शन किया। इसकी सूचना पर सांसद मुरारीलाल मीणा और विधायक विक्रम बंशीवाल भी धरना स्थल पर पहुंचे।

दरअसल,हाइव अथारिटी द्वारा सिकंदरा चौराहा पर नए ओवरब्रिज को बासड़ा गांव के पास पूर्व में निर्मित पुलिया की तर्ज पर बनाया जाना प्रस्तावित है। ऐसे में व्यापारियों का कहना है कि बंद पुलिया का निर्माण होने से व्यापार को नुकसान होगा। क्योंकि सिकंदरा चौराहा जिले का सबसे बड़ा ग्रामीण बाजार है और पूर्वी राजस्थान के कई जिलों को कनेक्टिविटी प्रदान करता है। व्यापारियों को नुकसान नहीं हो, इसके लिए एलिवेटेड ओवरब्रिज का निर्माण होना चाहिए। धरना प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।

व्यापारियों के विरोध प्रदर्शन और उनकी मांग को देखते हुए विधायक विक्रम बंशीवाल ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर सिकन्दरा चौराह पर बनने वाली एलिवेटेड पुलिया का निर्माण पिल्लरों पर करवाने की मांग की है। पत्र में बताया कि नेशनल हाईवे होने के कारण ट्रैफिक दबाव रहता है। मेहंदीपुर बालाजी के श्रद्धालुओं का आवागमन भी यहीं से होता है और व्यापार का बड़ा केंद्र होने से एलिवेटेड पुलिया का निर्माण पिलर पर होना चाहिए।

---------------

   

सम्बंधित खबर