मथुरा : दीवार गिरने से मां सहित दो बेटियां दबी, एक बच्ची की मौत

मथुरा, 17 मई (हि.स.)। थाना मांट क्षेत्र की ईदगाह बस्ती में शनिवार काे पक्की दीवार अचानक गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि मां सहित दूसरी बेटी घायल हो गई। घायलों को मलबे से निकालने के बाद अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

शनिवार सुबह कस्बा मांट के अंतर्गत मांट मूला में ईदगाह बस्ती में अचानक से पक्की दीवार भरभरा कर गिर गई। हादसे में एक वर्षीय गुनगुन पुत्री संजय निवासी कल्याणपुरी नई दिल्ली हाल पता ईदगाह बस्ती मांट मूला की ईटों के नीचे दबकर मौत हो गई। जबकि मां सोनम पत्नी संजय एवं पड़ोस की रहने वाली खुशबू घायल हो गई। गुनगुन के पिता संजय ने बताया कि वह दो साल पहले परिवार के साथ दिल्ली से मांट आए थे। कस्बे में जूता पॉलिस का काम करते हैं। मांट में तोताराम भगत के मकान में किराए पर रहते हैं।

सीओ गुंजन सिंह ने बताया कि दीवार गिरने से एक वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घायल खुश्बू की हालत गंभीर होने पर आगरा के लिए रेफर कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

   

सम्बंधित खबर