
मथुरा, 19 अप्रैल (हि.स.)। नौहझील थाना क्षेत्र में दहेज की खातिर एक महिला की जान ले ली गई। महिला पुलिस विभाग में तैनात थी। शादी के अभी पौने दो माह ही बीते थे। मायके पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फरार ससुरालियों की तलाश शुरू कर दी है।
नौहझील थाना के प्रभारी निरीक्षक रवि त्यागी ने मूलरूप से अलीगढ़ के डांटोली की रहने वाली 2018 बैच की महिला सिपाही वंदना चौधरी (26) बिजनौर एसएसपी कार्यालय में तैनात थी। इसी वर्ष 23 फरवरी को उसकी शादी नौहझील थाना क्षेत्र के गांव अंतरागढ़ी निवासी अरविंद सिंह (27) के साथ हुई थी। अरविंद नोएडा में एसएसएफ मेट्रो में आरक्षी के पद पर तैनात है। शुक्रवार को ससुराल में महिला आरक्षी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद से ससुराल वाले फरार है। इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे भाई सुबोध ने बताया कि दहेज की खातिर ससुरालवालों ने मेरी बहन को मार डाला है।
सुबोध ने बताया कि शुक्रवार सुबह चार बजे मेरे पास बहन वंदना का कॉल आया था। वह मुझसे बोली अरविंद ससुराल वाले मुझे बुरी तरह से मार रहे हैं। मुझे बचा लो आकर। मैंने सोचा पति-पत्नी हैं, आपस में कोई बातचीत हुई होगी। कुछ देर बाद सब ठीक हो जाएगा। कुछ देर बाद बहन के ससुराल में रहने वाले पड़ोसियों से पता चला कि वंदना का शव फांसी पर लटका हुआ है। मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसे मारकर फंदे पर लटकाया है। वह शादी के कुछ दिन बाद से ही दहेज के लिए दस लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
थाना प्रभारी निरीक्षक नौहझील रवि त्यागी ने बताया कि विवाहिता वंदना की गुरुवार रात संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी। वह पंखे से गले में फंदा लगाए लटकी थी। मृतका के भाई की तहरीर पर पति, सास-ससुर, ननद और देवर समेत छह ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार