हिसार : नीट परीक्षा में हुई धांधली व हरियाणा लोक सेवा आयोग की अनियमिताओं पर आक्रोश
- DSS Admin
- May 14, 2026
डीवाईएफआई व एसएफआई ने किया प्रदर्शन, सीएम के
नाम सौंपा ज्ञापन
हिसार, 14 मई (हि.स.)। हाल ही में नीट परीक्षा
में हुई धांधली व अनियमितताओं के खिलाफ युवाओं में बेहद आक्रोश है। भारत की जनवादी
नौजवान सभा (डीवाईएफआई) व स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने गुरुवार को संयुक्त
रूप से लघु सचिवालय के समक्ष प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन
सौंपा।
प्रदर्शन कर रहे संगठनों ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी
(एनटीए) को भंग करने और हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) के चेयरमैन आलोक वर्मा के
इस्तीफे की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि नीट पेपर लीक की वजह से देशभर के करीब
22 लाख परीक्षार्थियों पर मानसिक दबाव है। छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि पेपर लीक
कुछ भ्रष्ट लोगों की मिलीभगत का परिणाम है, जिन्हें विद्यार्थियों के भविष्य की कोई
चिंता नहीं है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा कराने का काम विकेंद्रीकृत किया जाए और
पुरानी व्यवस्था की तरह संबंधित सरकारी एजेंसियों को ही यह जिम्मेदारी सौंपी जाए। दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि
सरकार ने इन मांगों पर जल्द संज्ञान नहीं लिया, तो छात्र और युवा संगठन मिलकर बड़े आंदोलन
की रूपरेखा तैयार करेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान भारी संख्या में छात्र उपस्थित रहे
और सरकार व परीक्षा एजेंसियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

