ऑरेंज लाइन परियोजना के लिए चिंगड़ीघाटा में शुरू होगा काम, ईएम बाइपास पर कई घंटों तक यातायात प्रतिबंध

कोलकाता, 13 मई (हि. स.)। कोलकाता मेट्रो की लंबे समय से लंबित ऑरेंज लाइन परियोजना के तहत चिंगड़ीघाटा सेक्शन में काम 15 मई से शुरू होने जा रहा है। इसके चलते व्यस्त ईस्टर्न मेट्रोपॉलिटन (ईएम) बाइपास पर लगातार दो सप्ताहांत तक विस्तारित यातायात प्रतिबंध लागू किए जाएंगे। यह जानकारी मेट्रो के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को दी।

अधिकारी के अनुसार, इस कॉरिडोर की निर्माण एजेंसी रेल विकास निगम लिमिटेड कवि सुभाष से एयरपोर्ट तक बनने वाले एलिवेटेड वायाडक्ट के तहत चिंगड़ीघाटा इलाके में पीयर संख्या पी-317, पी-318 और पी-319 पर सेगमेंट लॉन्चिंग का काम करेगी।

इस कार्य को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए ईएम बाइपास के पश्चिमी हिस्से में पीयर पी-317 और पी-318 के बीच 60 घंटे का लगातार यातायात प्रतिबंध लागू किया जाएगा। यह प्रतिबंध 15 मई की रात आठ बजे से शुरू होकर 18 मई की सुबह आठ बजे तक प्रभावी रहेगा।

मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय किया गया है। यात्रियों और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है, ताकि ट्रैफिक दबाव कम किया जा सके।

कोलकाता मेट्रो की ऑरेंज लाइन को शहर की महत्वपूर्ण परिवहन परियोजनाओं में माना जा रहा है, जो भविष्य में दक्षिण कोलकाता को एयरपोर्ट से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर