छात्र-छात्राओं के भविष्य को संवारने के लिए सरकार कटिबद्ध है: मंत्री गणेश जोशी

मेधावी विद्यार्थियों को पं. दीन दयाल उपाध्याय शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार से किया सम्मानित

देहरादून, 17 अगस्त (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को राजपुर रोड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज किशनपुर में प्रधानाचार्यों और मेधावी विद्यार्थियों को पं. दीन दयाल उपाध्याय शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार होनहार छात्र-छात्राओं के भविष्य को संवारने के लिए कटिबद्ध है।

विद्यालयी शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस मौके पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि यह पुरस्कार शिक्षाविद व राष्ट्रभक्त, चिन्तक व लेखक पण्डित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर है जिन्हें अन्त्योदय का प्रणेता कहा जाता है। उन्होंने कहा कि हम पं. दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा काे आगे बढ़ाकर देश और राज्य के होनहार छात्रों के उत्थान के लिए कृत संकल्प हैं।

मंत्री जोशी ने कहा कि किसी भी देश का विकास तभी सम्भव हो सकता है जब वहां की शिक्षा अन्तिम व्यक्ति तक पहुंचे। मसूरी विधानसभा का कोई भी विद्यालय संसाधन विहीन न रहे और विद्यालय में बुनियादी सुविधा उपलब्ध करवाना हमेशा प्राथमिकता में रही है। उन्होंने कहा कि राजकीय इन्टर कॉलेज किशनपुर की ओर से जो भी मांग की गई है वह पूरा करने का हमेशा प्रयास किया है। किशनपुर विद्यालय के छात्र-छात्राएं खेलों में हर वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर रहे हैं। यह प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की छात्र संख्या भी 360 से बढ़कर 600 से अधिक हुई है। इसके लिए मंत्री ने शिक्षकों को बधाई भी दी।

मंत्री ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों का होना भी जरूरी है। शिक्षा के साथ-साथ नैतिक शिक्षा का होना भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय में टिन शेड निर्माण, दो कक्षा कक्ष निर्माण एवं खेल सामाग्री दिये जाने की घोषणा भी की।

हर वर्ष हाईस्कूल व इन्टर बोर्ड परीक्षा में सर्वाेच्च अंक लाने वाले टॉप 10 छात्र-छात्राओं और परीक्षा परिणाम में टॉप 50 में आने वाले हाईस्कूल व इन्टर कॉलेज को पुरस्कार दिया जाता है। जिसमें प्रत्येक टॉप 10 छात्र-छात्राओं को 5,100 रुपये, प्रशास्ति पत्र व स्मृति चिह्न और हाईस्कूल व इन्टर कॉलेज स्तर पर परीक्षा परिणाम में टॉप 50 स्थान प्राप्त कर विद्यालयों को प्रशास्ति पत्र और मोमेन्टो प्रदान किया जाता है।

इस अवसर मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून प्रदीप रावत, खण्ड प्रधानाचार्य रमेश चन्द्र उनियाल, एस.एम.सी. अध्यक्ष दीपा नेगी, पी.टी.ए. अध्यक्ष मंजू देवी, मण्डल अध्यक्ष प्रदीप रावत, पार्षद कमल थापा, संजय नौटियाल, पूनम नौटियाल, समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार / वीरेन्द्र सिंह

   

सम्बंधित खबर