कैथल: युवाओं को रोजगार देकर सरकार ने दिया दिवाली का तोहफा:गंगवा

कैथल, 19 अक्टूबर (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि बिना खर्ची, बिना पर्ची के योग्य युवाओं को रोजगार देकर भाजपा सरकार ने हजारों परिवारों को दिवाली का नायाब तोहफा देने का काम किया है। भाजपा जो कहती है वह करती है। सीएम नायब सैनी जुबान के धनी हैं। उन्होंने सीएम बनते ही पहली क़लम से 24 हजार युवाओं को नौकरी दी है। उसी प्रकार जनता के साथ किए गए एक-एक वायदे को पूरा किया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री रणबीर शनिवार को चंडीगढ़ से बरवाला जाते समय कैथल के तितरम मोड़ पर कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे थे। कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सभी वर्गों की हितैषी है और हर वर्ग के लिए काम करती है। लगातार तीसरी बार सत्ता में आने वाली सबसे पहली पार्टी भाजपा बन गई है। वहीं विपक्ष को देश-प्रदेश की जनता ने सिरे से नकारा दिया है।‌

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार सेवा, सुशासन, समानता, समृद्धि और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहेगी। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में गत 10 वर्षों में हरियाणा एक हरियाणवी एक के सिद्धांत पर सरकार ने जो काम किया, उसे निरंतर जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नायब सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा नई बुलंदियों को हासिल करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेश कुमार भारद्वाज

   

सम्बंधित खबर