जिला प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना के तहत 6 लाभुकों को दिया थ्री व्हीलर आइस बॉक्स सहित वाहन
- DSS Admin
- Jun 07, 2026
अररिया 07 जून(हि.स.)।
बिहार सरकार के पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सह अररिया जिला प्रभारी मंत्री डॉ रामचंद्र प्रसाद ने रविवार को जिला प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना अंतर्गत मत्स्य परिवहन वाहन योजना के तहत थ्री व्हीलर आइस बॉक्स सहित 6 वाहनों का वितरण करते हुए लाभुकों को वाहन की चाबी प्रदान की।
साथ ही मंत्री ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर डीएम विनोद दूहन एवं एसपी जितेन्द्र कुमार भी उपस्थित रहे।
लाभुकों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे मछुआरों एवं मत्स्य विक्रेताओं की आजीविका को नई मजबूती मिल रही है। इस योजना के माध्यम से जलाशयों एवं मत्स्य उत्पादन स्थलों से बाजार तक मछलियों का सुरक्षित, स्वच्छ एवं हाइजेनिक परिवहन सुनिश्चित हो रहा है। आइस बॉक्स युक्त वाहनों के उपयोग से मछलियों को अधिक समय तक ताजा एवं सुरक्षित रखा जा सकेगा, जिससे उनकी गुणवत्ता बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि रोजगार के उपयोगी साधन उपलब्ध होने से मत्स्य व्यवसाय का विस्तार होगा तथा लाभुकों की वार्षिक आय में भी वृद्धि होगी।
बताया गया कि इस योजना के अंतर्गत एक वाहन की लागत 3 लाख रुपये निर्धारित है, जिस पर लाभुकों को 50 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है।
विभागीय लक्ष्य अनुसार वित्तीय वर्ष के लिए जिले को प्रत्येक प्रखंड से एक लाभुक के चयन के आधार पर कुल 9 वाहनों का लक्ष्य प्राप्त हुआ। इस क्रम में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के अवसर पर पूर्व में 3 लाभुकों को वाहन उपलब्ध कराया जा चुका था,जबकि शेष 6 लाभुकों को आज वाहन की चाबी सौंपी गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि यह योजना मत्स्य व्यवसाय को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने के साथ आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

