अन्नपूर्णा भंडार योजना के भुगतान में गड़बड़ी पर मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने उठाए सवाल, नगरपालिका को ठहराया जिम्मेदार
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
हुगली, 03 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल सरकार के राज्य मंत्री एवं श्रीरामपुर के विधायक भास्कर भट्टाचार्य ने गुरुवार रात रिषड़ा और श्रीरामपुर नगरपालिका क्षेत्रों में अन्नपूर्णा भंडार योजना के लाभार्थियों को भुगतान नहीं मिलने के मुद्दे पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिला है और इसके लिए संबंधित नगरपालिका प्रशासन को जवाबदेही तय करनी होगी।
मंत्री ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि रिषड़ा और श्रीरामपुर नगरपालिका क्षेत्र की अनेक महिलाओं के बैंक खातों में अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि नहीं पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाया कि आवेदन प्रक्रिया में नगरपालिका की ओर से लापरवाही बरती गई और लाभार्थियों को आवेदन की कोई रसीद (रिसिप्ट) भी नहीं दी गई। ऐसे में आवेदन पत्रों का क्या हुआ, इसकी पूरी जिम्मेदारी नगरपालिका और उसके चेयरमैन को लेनी होगी।
भास्कर भट्टाचार्य ने कहा, यदि नगरपालिका इस समस्या का समाधान नहीं कर पाती है, तो हम हर संभव तरीके से लाभार्थी महिलाओं को उनका अधिकार दिलाएंगे। यह सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, इसलिए इसकी जिम्मेदारी संबंधित नगरपालिका प्रशासन को उठानी होगी और लापरवाही के परिणाम भी उन्हें ही भुगतने होंगे।
उन्होंने कहा कि पहले लोग अपनी समस्याएं खुलकर नहीं बता पाते थे, लेकिन अब आम नागरिक बिना किसी डर के अपनी बात रख रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है, तो राज्य सरकार इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिषड़ा नगरपालिका के चेयरमैन के खिलाफ दर्ज पुलिस शिकायत का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि अब मामले की जांच पुलिस कर रही है। उन्होंने कहा, पुलिस यदि कानून के अनुसार उचित कार्रवाई नहीं करती है, तो हम आगे की रणनीति पर विचार करेंगे। जो भी कदम उठाया जाएगा, वह पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत होगा।
मंत्री के इस बयान के बाद रिषड़ा और श्रीरामपुर नगरपालिका क्षेत्रों में अन्नपूर्णा भंडार योजना के क्रियान्वयन और नगरपालिका प्रशासन की भूमिका को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।
---------------

