जोनाई के सिमेन चापरी में क्षतिग्रस्त रेलवे पुल का मंत्रियों ने किया निरीक्षण
- DSS Admin
- Jun 29, 2026
धेमाजी (असम), 29 जून (हि.स.)। असम के जल संसाधन मंत्री सुशांत बरगोहाईं और आपदा प्रबंधन मंत्री केशव महंत ने सोमवार को जोनाई के सिमेन चापरी स्थित क्षतिग्रस्त रेलवे पुल का निरीक्षण किया। सिमेन नदी के उफान पर आने के कारण पुल का एक हिस्सा ढह गया था।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद दोनों मंत्री धेमाजी पहुंचे और जिले में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की तथा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान मंत्रियों ने कई राहत शिविरों का भी दौरा किया और बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
दोनों मंत्रियों ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को एक माह के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार बाढ़ संकट से निपटने और प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है।
-----------

