दुर्गा पूजा के दौरान लापता बच्चे का शव नदी से बरामद

तिनसुकिया (असम), 14 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान लापता हुए बच्चे का शव आज मार्घेरिटा में नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने आज बताया कि पांच वर्षीय बच्चे का शव सोमवार को मार्घेरीटा के पास बुढ़ीदिहिंग नदी में तैरता हुआ मिला। ज्ञात हो कि बीते चार दिनों से बच्चा लापता था।

मृतक बच्चे की पहचान अभिमन्यु चक्रवर्ती के रूप में हुई है। वह स्थानीय दुर्गा पूजा समारोह के दौरान शुक्रवार सुबह से लापता था।

मार्घेरिटा पुलिस ने कार्यकारी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में नदी से शव बरामद किया। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए तिनसुकिया सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। अभिमन्यु मार्घेरिटा के लाजुम वार्ड नंबर 4 में अपने दादा सत्यजीत भट्टाचार्य के घर से लापता हो गया था।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

   

सम्बंधित खबर