गुमशुदा युवक को लेकर सियासत तेज, विधायक मैथिली ने कहा— राजनीति नहीं, तलाश में सहयोग करें
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
दरभंगा, 05 जुलाई (हि.स.)।
जिला अंतर्गत तारडीह प्रखंड की नदियामी पंचायत का एक युवक 26 जून से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है।
परिजनों के अनुसार युवक हैदराबाद से ट्रेन के जरिए अपने गांव लौट रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसका संपर्क टूट गया। घटना के बाद परिजनों ने संबंधित थाने में गुमशुदगी की सूचना दी, किंतु कथित रूप से इसे रेलवे क्षेत्राधिकार का मामला बताकर स्थानीय स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। दस दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
इस बीच मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। नदियामी पंचायत निवासी गौतम झा ने फेसबुक लाइव के माध्यम से पीड़ित मां और स्थानीय ग्रामीणों के साथ बातचीत करते हुए अलीनगर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों पर अब तक पर्याप्त पहल नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए गुमशुदा युवक की बरामदगी के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने की मांग की।
उधर, अलीनगर की विधायक मैथिली ठाकुर ने स्वतंत्र लेखक मनीष कुमार से फोन पर हुई बातचीत में गौतम झा की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामले में सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप करने के बजाय सभी लोगों को गुमशुदा युवक की तलाश में सहयोग करना चाहिए। विधायक ने कहा कि पीड़ित मां की भावनाओं को सोशल मीडिया का माध्यम बनाना उचित नहीं है।
मैथिली ठाकुर ने दावा किया कि वह लगातार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं तथा हरसंभव प्रयास कर रही हैं ताकि युवक जल्द से जल्द सकुशल अपने घर लौट सके। उन्होंने कहा कि उनके लिए अलीनगर की जनता का हित सर्वोपरि है और जनसेवा के लिए उन्होंने अपने निजी सुख-सुविधाओं तक का त्याग किया है। उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक जीवन की जिम्मेदारियों के कारण वह अपने भाई का जन्मदिन भी नहीं मना सकीं।
विधायक ने विश्वास जताते हुए कहा, मेरी पूरी कोशिश है कि गुमशुदा युवक को सकुशल उसकी मां के पास पहुंचाया जाए।
फिलहाल युवक की बरामदगी नहीं होने से परिजन चिंतित हैं और स्थानीय लोग प्रशासन से मामले में तेजी लाकर जल्द से जल्द युवक का पता लगाने की मांग कर रहे हैं।
---------------

