प्रधानमंत्री मोदी शामिल हुए सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के जश्न में
- DSS Admin
- Jun 29, 2026

विक्टोरिया (सेशेल्स), 29 जून (हि.स.)। भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को सेशेल्स की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ के मौके पर राजधानी विक्टोरिया में आयोजित राष्ट्रीय दिवस समारोह के जश्न में शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा इस समारोह में शामिल होना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने सेशेल्स के लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने आज सुबह एक्स पर लिखा, '' सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल होना मेरे लिए सम्मान की बात है। यह समारोह सेशेल्स की आजादी की स्वर्ण जयंती का प्रतीक है। यह अवसर पिछले पचास वर्ष में सेशेल्स के लोगों की शानदार यात्रा को एक उचित श्रद्धांजलि थी।'' उन्होंने कहा, '' भारत को सेशेल्स के विकास के सफर में एक भरोसेमंद दोस्त और साझेदार के तौर पर उसके साथ खड़े होने पर गर्व है। हमारी साझेदारी साझा मूल्यों और लोगों के बीच आपसी संबंधों के मजबूत होने के साथ और भी गहरी होती जा रही है। मुझे पूरा भरोसा है कि आने वाले समय में हमारी दोस्ती और भी मजबूत होगी।''
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सेशेल्स की आजादी की 50वीं सालगिरह के मौके पर आयोजित नेशनल डे के जश्न में 'गेस्ट ऑफ ऑनर' के तौर पर शामिल हुए और ऐसा सम्मान पाने वाले वे पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने। उन्होंने कहा, इस परेड में भारतीय नौसेना और सेना की टीमों वाली एक भारतीय मार्चिंग टुकड़ी ने हिस्सा लिया। भारतीय मार्चिंग यूनिट का हिस्सा एक भारतीय नौसेना बैंड भी रहा। यह भारत और सेशेल्स की करीबी और खास साझेदारी को दिखाता है। एक खास पहल के तहत आईएनएस तरकश और आईएनएस इक्षक को पोर्ट विक्टोरिया में खड़ा किया गया। यह सेशेल्स के साथ भारत की पुरानी दोस्ती को दर्शाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस ऐतिहासिक मौके पर सेशेल्स के लोगों को भारत की ओर से शुभकामनाएं दीं।
---------------

