संपूर्ण दुनिया इस समय भारत की ओर बड़ी उम्मीदों से देख रही है :डॉ मोहन सिंह

देश विरोधी ताकतों को करें परास्त :डॉ मोहन सिंह क्षेत्र कार्यवाह आरएसएस

सारण, 30 जून (हि.स.)। बिहार में सारण जिले के डोरीगंज ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल चिरांद स्थित बंगाली बाबा घाट पर गंगा महाआरती का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यवाह डॉ मोहन सिंह ने कहा कि आज संपूर्ण दुनिया तमाम प्रकार के भौतिक प्रयोगों से विफल होकर भारत की जीवन दृष्टि और सनातन मूल्यों में ही अपना समाधान खोज रही है। ऐसे में हमें इस देश को पुनः राम और कृष्ण का देश बनाना होगा, जहाँ हर बालक में राम और हर बच्ची में सीता का स्वरूप झलके। हर माता को अपने भीतर सीता के गुणों का जागरण करना होगा। उन्होंने कहा कि संपूर्ण दुनिया इस समय भारत की ओर बड़ी उम्मीदों से देख रही है।

उन्होंने कहा कि यदि हम सब अपनी जिम्मेदारी को समझकर पूरी निष्ठा से अपना-अपना कार्य करेंगे, तो वह दिन दूर नहीं जब यह भारत हमारे ही पुरुषार्थ के बल पर दुनिया का सबसे वैभव संपन्न राष्ट्र बनेगा। भारत पुनः विश्व गुरु के पद पर आसीन होकर पूरी दुनिया को मंगल कामना देने का सामर्थ्य पैदा करेगा और विश्व पटल पर माँ भारती की जय-जयकार होगी।

डॉ. मोहन सिंह ने अपने संबोधन में पर्यावरण और स्वच्छता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा माँ गंगा की सफाई के लिए हमने जो संकल्प लिए हैं, उन्हें निरंतर याद रखने की आवश्यकता है। हमारा दायित्व केवल गंगा नदी तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि देश के सभी जल स्रोत सुरक्षित और स्वच्छ हों। सभी मठ-मंदिरों की गरिमा अक्षुण्ण रहे, हमारे गली-चौराहे साफ़-सुथरे बनें और हर घर सुंदर बने। यहाँ से हमें यही पवित्र वातावरण और विचार लेकर जाना है।

उन्होंने कहा कि हमें अपने-अपने घरों का वातावरण आदर्श बनाना होगा। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि सभी हिंदू भाव से जिएँ, हिंदू भाव से बोलें और हिंदू कहने पर गर्व की अनुभूति करें। उन्होंने चेताया कि समाज में ऐसा कोई कार्य या वक्तव्य न हो जिससे हिंदू संस्कृति का अपमान हो। यदि हम इस संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे, तभी इस महाआरती का वास्तविक पुण्य प्राप्त होगा। उन्होंने देश विरोधी ताकतों को पूरी तरह परास्त करने की बात भी कही।

इस अवसर पर गंगा समग्र के राष्ट्रीय संगठन मंत्री, बिहार सरकार के कला संस्कृति एवं खान भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार, छपरा विधायक छोटी कुमारी गंगा समग्र के उत्तर बिहार के संगठन मंत्री, संस्कार भारती के कलाटोली के सदस्य राजेश चंद्र मिश्रा सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सभी अनुसांगिक संगठनों के दायित्वान कार्यकर्ता कार्यकर्ता एवं गंगा महाआरती में आए श्रद्धालु उपस्थित थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर