इंदौर की ऐतिहासिक गेर में 5 लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए, विदेशी पर्यटक भी बने हिस्सा

इंदौर की पारंपरिक गेरगेर निकलने के बाद सफाई करते निगम के कर्मचारीगेर निकलने के बाद सफाई करते निगम के कर्मचारी

- इंदौर ने 38 मिनट में कचरा साफ कर दिखाया- सफाई के मामले में क्यों है देश का नंबर वन शहर

इंदौर, 19 मार्च (हि.स.)। इंदौर स्वच्छता में किस तरह नंबर वन है इसका एक नजारा गुरुवार को एक बार फिर राजवाड़ा पर दिखाई दिया। कलेक्टर आशीष सिंह का दावा है कि रंग पंचमी के मौके पर राजवाड़ा क्षेत्र में निकली गेर में लगभग पांच लाख लोग शामिल हुए। इसमें विदेशी पर्यटक भी हिस्सा बने। इस दौरान राजवाड़ा क्षेत्र में रंग-गुलाल, चप्पल, जूते, प्लास्टिक की थैलियां, कपड़े आदि से कचरा और गंदगी हो गई थी। जब गेर समाप्त हुई तब राजवाड़ा क्षेत्र में चारों ओर कचरा ही कचरा दिखाई दे रहा था। चारों ओर कचरा, जूते, चप्पल, कपड़े, प्लास्टिक की थैलियां, बोतलें, धूल-मिट्टी पड़ी हुई थी, लेकिन नगर निगम के कर्मचारियों ने मात्र 38 मिनट में सफाई कर पूरे शहर को साफ कर दिया।

दरअसल, इंदौर में पिछले 75 सालों से लगातार निकलने वाली रंगपंचमी की गेर इस बार पहले से भी ज्यादा भव्य और रंगीन रही। यह लगातार तीसरा साल है जब गेर में पांच लाख से अधिक लोग शामिल हुए। इस आयोजन में लाखों लीटर पानी और 25 हजार किलो से ज्यादा गुलाल उड़ाया गया। राजवाड़ा और उससे जुड़े रास्तों पर लगभग 5-6 किमी के दायरे में सड़कें पूरी तरह रंगों से सराबोर हो गईं। इस पारंपरिक आयोजन में फाग यात्रा के साथ झांकियां भी शामिल की गईं। खासतौर से ब्रज की लट्ठमार होली, रासलीला और श्रीकृष्ण की झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी। गेर देखने के लिए शहर भर की छतों की बुकिंग की गई, जहां लोग तिरपाल लगाकर खड़े होकर इस भव्य आयोजन का आनंद लेते नजर आए।

इस दौरान नगर निगम ने झांकी निकालकर संदेश दिया कि इंदौर 8वीं बार भी देश में सबसे स्वच्छ शहर का अवॉर्ड जीतेगा। गेर को देखने के लिए इंदौर में लोगों ने छतों की बुकिंग की थी। फाग यात्रा में मंत्री तुलसी सिलावट और विधायक मालिनी गौर भी शामिल हुए। संगम कॉर्नर की गेर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय रथ में सवार रहे। गेर में हर तरफ भारी पुलिस बल तैनात रहा। रास्तों पर वॉच टावर पर खड़े होकर पुलिसकर्मी हर तरफ नजर रखे रहे। इस दौरान जो लोग चेहरे पर मास्क लगाए घूम रहे थे, उनसे मास्क ले लिए। साथ ही भोंपू भी जब्त किए गए। कलेक्टर आशीष सिंह, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, निगमायुक्त शिवम वर्मा और एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह कंट्रोल रूम से लगातार गेर की मॉनिटरिंग करते रहे।

इंदौर में जहां-जहां से गेर गुजरी, वहां रंग और कीचड़ हो गया था। गेर निकलने के बाद नगर निगम के अमले ने आज फिर से यहां की सफाई को चुनौती के रूप में लिया। नगर निगम के अपर आयुक्त अभिलाष मिश्रा की देखरेख में मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अखिलेश उपाध्याय द्वारा राजवाड़ा क्षेत्र और आसपास की गलियों में सफाई का अभियान प्रारंभ किया गया। मौके पर नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा और अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया भी सफाई कर्मियों का हौसला बढ़ाने पहुंचे। नगर निगम के सफाई कर्मी वाकई सम्मान के पात्र हैं कि उन्होंने राजबाड़ा क्षेत्र की सफाई मात्र 38 मिनट में पूरी कर ली।

गेर के दौरान टैंकर की चपेट में आने से युवक की मौत

वहीं, इंदौर के राजवाड़ा पर रंगपंचमी की गेर के दौरान एक हादसा भी हो गया। यहां एक युवक टैंकर की चपेट में आ गया। टैंकर का पहिया उसके पेट से गुजर गया। उसे एम्बुलेंस की मदद से एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने टैंकर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। मृतक की पहचान सनी मौर्य (उम्र 24 वर्ष) निवासी रुक्मिणी नगर के रूप में हुई है। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल हुआ तो उसके दोस्त राहुल सेन ने उसे पहचान लिया। राहुल ने यह खबर उसकी मां को दी और वे तत्काल एमवाय अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम पहुंचे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

   

सम्बंधित खबर