
धमतरी, 8 मार्च (हि.स.)। महिला दिवस पर शनिवार को धमतरी में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मातृ शक्ति का वंदन करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। स्कूल, कालेज व विभिन्न संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित हुए।
रिलायंस इंस्टिट्यूट आफ़ नर्सिंग एवं फ्लोरेंस कालेज आफ़ नर्सिंग लिमतरा धमतरी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आठ मार्च को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महिला दिवस की थीम ‘नारी शक्ति से विकसित भारत’ पर विद्यार्थियों ने रंगोली एवं पोस्टर बनाए एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने महिलाओं के समान अधिकार, उनके अधिकारों की रक्षा, और समाज में महिलाओं की स्थिति पर अपने विचार रखे। इस कार्यक्रम में ग्राम लिमतरा की नवनिर्वाचित सरपंच भुनेश्वरी साहू एवं महिला पुलिस धमतरी को महाविद्यालय में आमंत्रित कर उन्हें सम्मानित किया गया। महाविद्यालय प्राचार्य संजय कुमार लाल ने कहा की हमारे कालेज में यह प्रयास किया जा रहा है कि हम अपने छात्रों और समुदाय में महिला अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाएं और उन्हें प्रेरित करें कि वे समाज में महिलाओं के समान अधिकारों के लिए काम करें। इस आयोजन का उद्देश्य न केवल महिलाओं की शक्ति को पहचानना है, बल्कि समाज में समानता और सम्मान की दिशा में कदम बढ़ाना भी है। इस कार्यक्रम में समस्त शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। इसी तरह से जिला अस्पताल में रेडक्रास सोसायटी के पदाधिकारियों द्वारा महिला कर्मचारियों का सम्मान किया गया।
खरतुली स्कूल में शिक्षिकाओं का हुआ सम्मान
प्राथमिक शाला खरतुली में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाला परिवार के सभी महिला शिक्षिका राजेश्वरी ठाकुर , तारकेश्वरी सोनबेर, कल्याणी ठाकुर, कंचन धुरन्धर व अन्य कर्मचारियों में रसोइया लता यादव, सहायिका ओमेश्वरी मेश्राम का सम्मान किया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। सभी शिक्षिकाओं एवं अन्य कर्मचारियों का स्वागत श्रीफल एवं कलम, रुमाल प्रदान किया गया। प्रधानपाठक प्रधानपाठक दीनबन्धु सिन्हा द्वारा महिला दिवस की आवश्यकता एवं महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर सभी शिक्षिकाओं ने अपना विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन छात्रा जान्हवी व आभार उप शाला नायक हर्ष ध्रुव ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा