स्थानीय फिल्मों काे प्रोत्साहित कर रही है धामी सरकार: महेंद्र भट्ट

देहरादून, 30 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने रविवार को लोकभाषा फिल्म सपना के मुहूर्त शॉट का टेक लेकर शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि धामी सरकार स्थानीय फिल्मों को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि यह फिल्म स्थानीय गढ़वाली,कुमाऊनी, जौनसारी संस्कृति प्रेमियों के सपनों को भी साकार करेगी।

महेंद्र भटृ ने कहा कि स्थानीय भाषा और संस्कृति से समृद्ध फिल्मों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भाजपा मुख्यालय में देवभूमि फिल्म प्रोडक्शन की फिल्म का मुहूर्त किया गया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने फिल्म से जुड़े कलाकारों और प्रोडक्शन टीम के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने सभी को सफलता की शुभकामनाएं देते हुए फिल्म में अधिक से अधिक राज्य की सभी भाषाओं और संस्कृति को गीतों एवं डायलॉग के माध्यम से बढ़वा देने का अनुरोध किया।

महेंद्र भटृ ने कहा कि फिल्मों के लिए जरूरी प्राकृतिक सौंदर्यता और सांस्कृतिक समृद्धता से भरपूर उत्तराखंड बहुत महत्वपूर्ण डेस्टिनेशन है। विगत वर्षों से मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में राज्य के अंदर फिल्म निर्माण व्यवसाय में अभूतपूर्व तरक्की हुई है। अब स्थानीय भाषा की फिल्में बड़े पैमाने पर बन भी रही हैं और आर्थिक दृष्टि से सफल भी हो रही हैं। उन्होंने फिल्म से जुड़े सभी लोगों को सपना नाम के अनुरूप आर्थिक लाभ और संस्कृति को बढ़ावा देने वाले सभी उम्मीदों को पूरा करने की शुभकामनाएं दी।

इस मौके पर प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, प्रदेश कार्यालय सचिव जगनमोहन रावत, दायित्वधारी सुभाष बड़थ्वाल, प्रदेश सह संयोजक मीडिया राजेंद्र सिंह नेगी, चंडी प्रसाद भट्ट के साथ फिल्म निर्माता निदेशक जय कृष्ण नौटियाल,वासुदेव सौते, मोहित घिल्डियाल, नरेंद्र पाल रावत, सृष्टि रावत, अनुष्का पंवार, रमेश नौडियाल, आंचल फर्स्वाण, हिमानी नेगी, इम्तियाज अली, सौरभ डबराल समेत फिल्म निर्माण यूनिट से जुड़े प्रमुख सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार

   

सम्बंधित खबर