मनपा सहायक आयुक्त महेश पाटिल निलंबित, अभिनेता जावेद जाफरी की पत्नी से धोखाधड़ी का आरोप

मुंबई,08 जून (हि.स.)। मुंबई मनपा के 'के-उत्तर' विभाग के सहायक आयुक्त महेश पाटिल को निलंबित कर दिया गया है। पाटिल पर फिल्म अभिनेता जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी के साथ बांद्रा स्थित एक पुनर्विकास परियोजना में 16 करोड़ 24 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है।

इस हाई-प्रोफाइल ठगी मामले में हबीबा जाफरी ने खार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इसके आधार पर महेश पाटिल सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में पुलिस ने व्यवसायी निशित पटेल को गिरफ्तार किया था और अदालत ने उसे 19 मई तक पुलिस हिरासत में भेजा था। हबीबा जाफरी द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार उनकी और महेश पाटिल की पहली मुलाकात मुंबई मनपा कार्यालय में हुई थी। वहां पाटिल ने उन्हें बांद्रा के एक पुनर्विकास परियोजना में निवेश कर भारी आर्थिक लाभ कमाने का अवसर होने का दावा किया था।

उन्होंने यह निवेश व्यवसायी निशित पटेल के माध्यम से करने की सलाह दी। शिकायत के अनुसार आरोपित ने शिकायतकर्ता और उनके परिवार का विश्वास जीतने के लिए सरकारी पंजीकरण से संबंधित फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उन्हें असली बताकर प्रस्तुत किया। इसके आधार पर हबीबा जाफरी, अभिनेता जावेद जाफरी, उनके रिश्तेदार नावेद जाफरी और अन्य परिचितों को इस परियोजना में निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर निवेशकों से चेक, नकद राशि, विदेशी मुद्रा और महंगी लग्जरी घड़ियों के रूप में लगभग 16.24 करोड़ रुपये एकत्र किए। जब हबीबा जाफरी को धोखाधड़ी का संदेह हुआ तो उन्होंने खार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

सहायक आयुक्त पाटिल को 5 जून को जारी किया गया निलंबन आदेश रविवार (7 जून) को उन्हें सौंपा गया। इसी परियोजना से जुड़े अनुचित निवेश के आरोपों के चलते पिछले वर्ष नवंबर में भी महेश पाटिल को एक महीने के लिए अनिवार्य अवकाश पर भेजा गया था। हालांकि उस समय उन्होंने सभी आरोपों को खारिज कर दिया था। अब पाटिल के निलंबन और निशित पटेल की गिरफ्तारी के बाद खार पुलिस पूरे मामले और कथित ठगी रैकेट की गहन जांच कर रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर