ग्राम ऐढ़े में नगर निगम के चिन्हित 30 बीघा जमीन का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

वाराणसी, 28 अगस्त (हि.स.)। ग्राम ऐढ़े में नगर निगम की चिन्हित 30 बीघा जमीन का बुधवार को नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने निरीक्षण किया। नगर निगम प्रशासन को जानकारी प्राप्त हुई थी कि ऐढ़े में सरकारी सम्पत्तियों पर कुछ लोग कब्जा कर रहे हैं। शिकायत पर नगर निगम, राजस्व विभाग की टीम ने सरकारी सम्पत्तियों का निरीक्षण किया। जिसमें कुल 30 बीघा सरकारी सम्पत्ति पाई गई। उसमें से लगभग 4 बीघा सम्पत्ति की बैरीकेडिंग करायी जा चुकी है। नगर आयुक्त ने सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि सामान्य अभियन्त्रण विभाग ने गुणवत्तापूर्ण बैरीकेडिंग नहीं कराई है। इस सम्बन्ध में नगर आयुक्त ने मुख्य अभियन्ता को निर्देशित किया कि जमीन पर मजबूत पिलर लगाया जाय, जिस पर पेन्ट कराया जाय। साथ ही बोर्ड लगाया जाय, जिस पर नगर निगम, वाराणसी का उल्लेख करते हुये सम्पूर्ण भूमि का विवरण, क्षेत्रफल, रकबा, लिखा जाय। निरीक्षण के समय अपर नगर आयुक्त दुष्यन्त कुमार मौर्य, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर