नगर निगम का विशेष सफाई महाअभियान शुरू

महिमा सागर वार्ड में नाली किनारे सफाई करती हुई स्वच्छता समूह की महिलाएं।

धमतरी, 1 फ़रवरी (हि.स.)। धमतरी नगर निगम क्षेत्र में एक फरवरी से 15 फरवरी तक विशेष सफाई महाअभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में निगम ने सफाई शुरू कर दी है। शहर के अंदरूनी वार्डों व आउटर की निकासी नालियों की सफाई की जा रही है। शहर के नागरिकों ने कहा इसी तरह से सालभर अभियान चलाया जाना चाहिए।

नगर निगम के सफाई कर्मचारी वार्डों में गंदगी हटाने और नालियों की सफाई युद्धस्तर पर कर रहे हैं। जहां-जहां गंदगी अधिक देखी जा रही है, वहां तत्काल सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

शहर के विभिन्न स्थानों खासकर ज्वाइंट प्वाइंट्स (जहां गंदगी की समस्या ज्यादा है) पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन क्षेत्रों को पूरी तरह स्वच्छ करने के लिए कचरा हटाने, गोबर से लिपाई करने और दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग कर सुंदरीकरण का कार्य किया जा रहा है। इस स्वच्छता अभियान में स्वच्छता दीदियां भी सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। वे सड़क पर फेंकी गई पालीथिन और अन्य कचरे को इकट्ठा कर रही हैं। इसके अलावा, वे घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में समझा रही हैं और उन्हें कचरा प्रबंधन के सही तरीके अपनाने की सलाह दे रही हैं। शहर में चलने वाले सभी कचरा वाहनों में रूट चार्ट लगाया गया है, ताकि कचरा निस्तारण व्यवस्थित रूप से किया जा सके। नगर निगम ने व्यापारियों से अनुरोध किया है कि वे अपने कचरे को नियमित रूप से कचरा गाड़ी में ही डालें और सड़क या गलियों में न फेंके।

दीवारों पर की जा रही सुंदर चित्रकारी: नगर निगम का लक्ष्य न केवल सफाई अभियान चलाना है, बल्कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना भी है। इसलिए दीवारों पर सुंदर चित्रकारी कर, गंदगी वाले स्थानों को सजाया जा रहा है, जिससे लोग दोबारा वहां गंदगी न फैलाएं।

सफाई में सभी की सहभागिता आवश्यक

नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि, सफाई में नगर निगम प्रशासन की पहल के साथ जनता की भागीदारी आवश्यक है। सभी नागरिकों को स्वच्छता को लेकर जागरूक होना आवश्यक है। यह सफाई महाअभियान तब ही सफल होगा, जब हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझे और सफाई बनाए रखने में सहयोग करे। उन्होंने कहा कि लोग अपने घर, गली, मोहल्ले और बाजार को स्वच्छ रखें और इस अभियान का हिस्सा बनें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

   

सम्बंधित खबर