यमुनानगर:सड़क किनारे झाड़ियों में मिला व्यक्ति का शव

मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपते हुए


यमुनानगर, 03 जुलाई यमुनानगर जिले के छछरौली क्षेत्र में घर से काम पर निकले एक व्यक्ति का शव सड़क किनारे झाड़ियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। व्यक्ति को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी मौत की पुष्टि की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान गांव मलिकपुर खादर निवासी 48 वर्षीय महेंद्र के रूप में हुई है। वह अविवाहित था और अपने भाइयों के साथ रहता था। मृतक के भतीजे रोहित ने बताया कि गुरुवार सुबह महेंद्र रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। देर शाम गांव के एक युवक ने फोन कर सूचना दी कि महेंद्र सड़क किनारे झाड़ियों में पड़े हुए हैं।

परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि महेंद्र के कान से खून निकल रहा था और मुंह से झाग आ रही थी। इसके बाद उन्हें तत्काल यमुनानगर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर छछरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच अधिकारी कुलदीप ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर