पांडेश्वर के नवाग्राम पंचायत के प्रधान एवं उप प्रधान सहित आठ सदस्यों ने दिया इस्तीफा
- DSS Admin
- Jun 08, 2026
पश्चिम बर्दवान, 08 जून (हि. स.)। जिले के पांडवेश्वर क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पांडवेश्वर ब्लॉक की नवग्राम ग्राम पंचायत के प्रधान, उपप्रधान समेत कुल आठ पंचायत सदस्यों ने सोमवार को एक साथ अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सभी ने अपना इस्तीफा स्थानीय बीडीओ को सौंप दिया। इस्तीफा देने वालों में प्रधान प्रिया बागदी, उपप्रधान सतन सौमंडल, वैशाखी राउत, आरती बाउरी, जीना दास, सुभाषचंद्र हांसदा, सोनाली कोड़ा और उषा देवी शामिल हैं।
हाल ही में पांडवेश्वर के पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के गोदाम से बड़ी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री और तिरपाल बरामद होने की घटना के बाद यह फैसला लिया गया है। इस्तीफा देने वाले सदस्यों का कहना है कि इस घटना से आम लोगों के बीच पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है और ऐसे माहौल में उनके लिए पंचायत सदस्य बने रहना उचित नहीं है।
प्रधान प्रिया बागदी और उपप्रधान सतन सौमंडल ने कहा कि सरकारी राहत सामग्री बरामदगी की घटना के बाद जनता के मन में गलत संदेश गया है। ऐसे में पंचायत सदस्य के रूप में बने रहने से लोगों के बीच और भ्रम पैदा हो सकता है, इसलिए उन्होंने पद छोड़ने का निर्णय लिया।
उल्लेखनीय है कि नवग्राम ग्राम पंचायत में कुल 18 सदस्य हैं, जिनमें से एक सदस्य का पहले ही निधन हो चुका है। अब एक साथ आठ सदस्यों के इस्तीफे से पंचायत की कार्यप्रणाली और भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
---------------

