‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत एनडीएमसी ने चलाया पौधारोपण कार्यक्रम
- DSS Admin
- May 24, 2026
नई दिल्ली, 24 मई (हि.स.)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में कहा कि यह केवल पर्यावरण संरक्षण का अभियान नहीं बल्कि भावनात्मक और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा जन आंदोलन है। पौधा लगाना आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव रखने जैसा है और यह मां तथा प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम भी है।
एनडीएमसी उपाध्यक्ष चहल ने रविवार को जोरबाग स्थित एनडीएमसी हाउसिंग कॉम्प्लेक्स ‘अमृत काल निवास’ में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व किया। कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों, आरडब्ल्यूए सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाए। चहल ने कहा कि एनडीएमसी ने बिना किसी रविवार का अंतराल किए लगातार 25 सप्ताह तक इस अभियान को जारी रखा है।
उन्होंने कहा कि साप्ताहिक कार्यक्रमों के अलावा एनडीएमसी विभिन्न विश्वविद्यालयों, दूतावासों और अन्य संस्थानों के सहयोग से भी पौधारोपण अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से नई दिल्ली को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा रहा है। चहल ने कहा कि एनडीएमसी ने पूरे वर्ष के लिए ग्रीन कैलेंडर तैयार किया है, जिसके तहत नई दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में प्रत्येक रविवार को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उद्यान, स्वास्थ्य, सिविल, स्वच्छता, सड़क, जल आपूर्ति, ड्रेनेज और विद्युत विभाग संयुक्त रूप से लगाए गए पौधों की देखभाल सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एनडीएमसी विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करेगी।
---------------

