राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन मरम्मत, पंचर सेवा केंद्र बनाने का निर्देश
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए वाहन मरम्मत और पंचर सेवा केंद्र विकसित करने का निर्देश दिया है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि एनएचएआई का सार्वजनिक सेवा उपक्रम राष्ट्रीय राजमार्ग लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (एनएचएलएमएल) ने अपने क्षेत्रीय दफ्तरों और लीजधारकों को प्राथमिकता के आधार पर वाहन मरम्मत की दुकानें और पंचर रिपेयर की सुविधाएं शुरू करने का निर्देश दिया है। इस कदम का मकसद यात्रा को आसान बनाना, खराबी के समय को कम करना, सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और यात्रियों व मालवाहक चालकों को तुरंत मदद उपलब्ध कराना है।
एनएचएआई ने बताया कि कई राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर ऐसी सेवाओं की जरूरत है। इनसे यात्रियों को समय पर मैकेनिकल मदद मिलेगी और खराबी या इमरजेंसी में असुविधा, देरी और सुरक्षा से जुड़ी दिक्कतों से बचा जा सकेगा।
एनएचएलएमएल सार्वजनिक‑निजी भागीदारी मॉडल के तहत लंबे समय की लीज पर आधुनिक सड़क किनारे सुविधाओं का नेटवर्क बना रही है। मौजूदा लीज समझौतों के तहत अनिवार्य सुविधाओं के अलावा कई अतिरिक्त सुविधाएं भी बनाई जा सकती हैं। वाहन मरम्मत और पंचर रिपेयर सेंटर इन्हीं अनुमत सुविधाओं में शामिल हैं।
एनएचएआई ने कहा कि सड़क किनारे सुविधाओं को एकीकृत सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां यात्रियों और वाणिज्यिक वाहन चालकों को ज़रूरी सुविधाएं मिलेंगी। इन सेवाओं का विकास विश्वस्तरीय राजमार्ग ढांचा बनाने और निर्बाध यात्रा सेवाएं देने के बड़े लक्ष्य को पूरा करेगा।
------------

