एनएचआरसी ने कोलकाता में इमारत हादसे पर लिया स्वतः संज्ञान
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने कोलकाता में निर्माणाधीन इमारत गिरने से पांच मजदूरों की मौत और 20 अन्य के घायल होने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव, कोलकाता पुलिस आयुक्त और नगर आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
प्रकाशित खबरों के अनुसार गत् 24 जून को निर्माण स्थल पर लगभग 40 मजदूर काम कर रहे थे, तभी निर्माणाधीन गोदाम की लोहे की संरचना का कंक्रीट का ढांचा अचानक ढह गया, जिससे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। आरोप है कि स्वीकृत भवन योजना में खामियां थीं, जिसके कारण यह त्रासदी हुई।
आयोग ने रिपोर्ट में जांच की स्थिति के साथ-साथ मृतकों और घायलों के परिजनों को दिए गए मुआवजे (यदि कोई हो) का विवरण भी शामिल होने का निर्देश दिया है।
------------

