अंकित हत्याकांड में आरोपित निखिल चौधरी को मुठभेड़ में गिरफ्तार, भर्ती
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
मुरादाबाद, 16 जून (हि.स.)। मुरादाबाद जिले के थाना कुन्दरकी पुलिस ने दो दिन पूर्व गोबर डालने के विवाद में हुए अंकित हत्याकांड में फरार आरोपित निखिल चौधरी को मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल फरार आरोपित निखिल के भाई विशाल और चाचा रामवीर सिंह को पुलिस टीमें लगातार तलाश कर रही हैं, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
थाना कुन्द्रकी के गांव खनूपुरा में दो दिन पहले रविवार सुबह साढ़े छह बजे गोबर डालने के दौरान दो युवकों के बीच विवाद के बाद मारपीट और फायरिंग हुई थी। उसी दौरान घर के बाहर खड़े अंकित (22) की गर्दन पर गोली लगने से मौत हो गई थी जबकि गोबर डालने गया आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया था।
एसपी देहात ने बताया कि मामले में अंकित के भाई मोनू की तहरीर पर आरोपित विशाल चौधरी, उसके भाई निखिल चौधरी और चाचा रामवीर सिंह पर हत्या का केस दर्ज कराया था। इसके अलावा मारपीट के दौरान घायल आशीष के भाई अजीत सिंह ने भी इन्हीं तीनों आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कराया था।
आज रात्रि 9 बजे के लगभग एसओ कुन्दरकी हंबीर सिंह की टीम ने कुतुबपुर अज्जु से हाथीपुर चित्तू की ओर जाने वाले रास्ते पर मुठभेड़ में आरोपित निखिल चौधरी को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया था। जबकि उसका भाई विशाल अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग गया था। एसपी देहात ने बताया कि घायल का जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करा दिया गया है।
------------

