नितिन नवीन का तीन दिवसीय तेलंगाना दौरा रविवार से, कई उच्च-स्तरीय बैठकों की करेंगे अध्यक्षता
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
नई दिल्ली, 27 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 28 से 30 जून तक तेलंगाना के दौरे पर रहेंगे। अपने इस विस्तृत प्रवास के दौरान नितिन नवीन प्रदेश में पार्टी के सांगठनिक ढांचे को नई ऊर्जा प्रदान करने, जमीनी स्तर पर जनसंपर्क को व्यापक बनाने और आगामी रणनीतियों को धार देने के उद्देश्य से कई उच्च-स्तरीय बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। इसके साथ वे नवनिर्मित जिला कार्यालयों का लोकार्पण करेंगे। युवाओं एवं बूथ अध्यक्षों से संवाद करेंगे तथा तेलंगाना प्रदेश भाजपा की राज्य कार्यकारिणी बैठक का विधिवत उद्घाटन कर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
भाजपा ने जानकारी दी कि रविवार को दोपहर नितिन नवीन हैदराबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे। शाम चार बजे रांगारेड्डी ग्रामीण जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे, तथा साथ ही नौ अन्य नवनिर्मित जिला कार्यालयों का वर्चुअल माध्यम से ऐतिहासिक लोकार्पण भी करेंगे। इसके पश्चात वे नामपल्ली स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में ग्रेटर हैदराबाद म्युनिसिपल कॉरपोरेशन, साइबराबाद म्युनिसिपल कॉरपोरेशन और मलकाजगिरी म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के बूथ अध्यक्षों के साथ एक अहम संवाद करेंगे। उसके बाद नितिन नवीन प्रदेश के सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे।
प्रवास के दूसरे दिन, सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबह साढ़े दस बजे घाटकेसर स्थित विज्ञान भारती इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में आयोजित 'विकसित भारत छात्र सम्मेलन' में सम्मिलित होंगे और युवाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे वे भोंगीर पहुचेंगे। नितिन नवीन हनमकोंडा स्थित आर्ट्स कॉलेज ग्राउंड में संयुक्त वारंगल जिले के बूथ अध्यक्ष स्तर से ऊपर के सभी जिला पदाधिकारियों के साथ सघन सांगठनिक विमर्श करेंगे। इन सांगठनिक कार्यक्रमों के पश्चात, शाम 5:00 बजे वे ऐतिहासिक भद्रकाली माता मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे। सायंकाल वे पुनः हैदराबाद लौटकर भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की एक विस्तृत बैठक की अध्यक्षता करेंगे और संगठन की भावी रूपरेखा एवं आगामी कार्ययोजना पर गहन मंथन करेंगे।
प्रवास के तीसरे और अंतिम दिन, 30 जून को नवीन प्रातः 11:30 बजे घाटकेसर स्थित रॉक एन्क्लेव कन्वेंशन सेंटर में तेलंगाना प्रदेश भाजपा इकाई की अहम 'राज्य कार्यकारिणी बैठक' का विधिवत उद्घाटन करेंगे और अपने विस्तृत उद्बोधन से प्रदेश नेतृत्व व कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देशित करेंगे। इन सभी महत्वपूर्ण सांगठनिक कार्यक्रमों के सफलतापूर्वक समापन के तत्पश्चात, राष्ट्रीय अध्यक्ष नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
---------------

