नारनौल: प्रधानमंत्री की सोच भारत को खेल महाशक्ति बनाना: धर्मबीर सिंह
- Admin Admin
- Nov 09, 2025
नारनौल, 9 नवंबर (हि.स.)। भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच भारत को एक खेल महाशक्ति बनाने और देश के नागरिकों में फिटनेस की संस्कृति को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। उनकी इसी सोच को प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा में आगे बढ़ा रहे हैं। सांसद रविवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव फिट युवा-फॉर विकसित भारत के तहत आयोजित प्रतियोगिता के बाद नागरिकों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि खेल उत्सव का उद्देश्य ग्रासरूट स्तर से खेल प्रतिभाओं को ढूंढना और उन्हें प्रशिक्षण के लिए तैयार करना है ताकि वे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकें। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री के खेलो इंडिया, फिट इंडिया पहल के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि खेल को शिक्षा और संस्कृति के समान महत्व मिलना चाहिए।
नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का भी एक माध्यम है। खेलों के माध्यम से युवाओं को रचनात्मक कार्यों से जोड़कर उन्हें नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने का भी उद्देश्य है। भाजपा जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव ने कहा कि हरियाणा सरकार राज्य में खेलों को प्रोत्साहन देने और युवाओं को खेल एवं फिटनेस से जोड़ने के लिए अनेक योजनाएं प्रभावी रूप से लागू कर रही है। महोत्सव में इवेंट्स कोऑर्डिनेटर सुधीर चांदवास ने इस आयोजन में अहम भूमिका निभाई। इस मौके पर संदीप मालड़ा व अश्विनी एडवोकेट के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला



