नारनौल के व्यापारियों ने रेल विस्तार की उठाई मांग, प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन
- Vijesh Sharma
- Jun 27, 2026

नारनाैल, 27 जून । नारनौल में शनिवार काे होजरी एंड गारमेंट्स होलसेल एसोसिएशन ने दैनिक रेल यात्री एवं जनकल्याण संघ के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम स्टेशन अधीक्षक, नारनौल को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि मजबूत रेल संपर्क किसी भी क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक और व्यापारिक विकास की आधारशिला होता है, इसलिए लंबे समय से लंबित मांगों को जल्द पूरा किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में बताया गया कि रेवाड़ी-नारनौल-रींगस-फुलेरा (आरपीसी) रेलखंड से प्रतिदिन हजारों यात्री और व्यापारी यात्रा करते हैं, लेकिन इस महत्वपूर्ण मार्ग पर अपेक्षित रेल सेवाओं का विस्तार नहीं हो पाया है। इसका सीधा असर व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के अवसरों पर पड़ रहा है।
एसोसिएशन ने मांग की है कि 04693/04694 दादर-श्री माता वैष्णो देवी रेल सेवा का नियमित संचालन शुरू किया जाए। इसके अलावा खाटू नगरी एक्सप्रेस के नाम से जयपुर-रींगस-नीमकाथाना-नारनौल-रेवाड़ी-दिल्ली-हरिद्वार के बीच दैनिक ट्रेन चलाई जाए। साथ ही दिल्ली से कोटा, उदयपुर, उज्जैन, इंदौर, भोपाल तथा दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों के लिए नई लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन भी आरपीसी रेलमार्ग से शुरू करने की मांग की गई।
व्यापारियों ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से नारनौल सहित पूरे क्षेत्र के व्यापार को नई गति मिलेगी। औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक आवागमन आसान होगा और विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों तथा आम यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से जनहित और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
---------------

