महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल में 20 बेड का नया इमरजेंसी वार्ड शुरू

इमरजेंसी वार्ड का फीता काट उद्घाटन करते हुए विधायक कंवर सिंह यादव।


विधायक कंवर सिंह यादव ने किया उद्घाटन, गर्मी में बढ़ते मरीजों को मिलेगी राहत

नारनाैल, 05 जून । महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को विधायक कंवर सिंह यादव ने अस्पताल परिसर में 20 बेड के फ्री फेब्रिकेटेड इमरजेंसी वार्ड का उद्घाटन किया। इस नए वार्ड के शुरू होने से मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी और अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं अधिक प्रभावी ढंग से संचालित की जा सकेंगी।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी होने से अस्पतालों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों को कई तरह की असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि 20 बेड के इस अतिरिक्त इमरजेंसी वार्ड के शुरू होने से अस्पताल की क्षमता बढ़ेगी और मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार का लक्ष्य आमजन को उनके क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि लोगों को इलाज के लिए दूर.दराज के बड़े शहरों में न जाना पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलें।

विधायक ने कहा कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। भविष्य में भी महेंद्रगढ़ क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस मौके पर एसएमओ डॉ जयप्रकाश, डॉ संदीप, डॉ अमित राठौर, अजय कक्कड़, डॉ अभिषेक आदि मौजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर