रोहड़ू नगर परिषद के लिए शुक्रवार को मतदान, पारंपरिक वेशभूषा में रवाना हुईं महिला पोलिंग पार्टियां

शिमला, 21 मई (हि.स.)। जिला शिमला के रोहडू में नगर परिषद चुनाव के लिए मतदान शुक्रवार को होगा। मतदान से एक दिन पहले वीरवार को महिला पोलिंग पार्टियां पारंपरिक हिमाचली वेशभूषा में अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं। ढाठू और सदरी पहने महिला कर्मचारियों ने चुनावी माहौल को सांस्कृतिक रंग के साथ उत्साह से भर दिया। मतदान दलों का यह स्वरूप लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

नगर परिषद रोहड़ू चुनाव इस बार पूरी तरह महिला कर्मचारियों के नेतृत्व में कराया जा रहा है। सभी मतदान केंद्रों का संचालन महिला कर्मचारी ही करेंगी। रिटर्निंग अधिकारी और एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने कहा कि यह पहल महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं और चुनाव जैसी महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया को भी पूरी जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ संभाल सकती हैं।

रोहड़ू नगर परिषद के तहत कुल 9 वार्ड हैं। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए 14 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। इनमें 9 पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर तैनात रहेंगी, जबकि 4 को रिजर्व रखा गया है। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में एक पीठासीन अधिकारी, एक सहायक पीठासीन अधिकारी, दो मतदान अधिकारी और एक सुरक्षा अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और तीन सेक्टर अधिकारियों की जिम्मेदारी भी महिला अधिकारियों को सौंपी गई है। पूरे चुनाव के लिए करीब 80 महिला कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

चुनाव में महिलाएं सिर्फ मतदान प्रक्रिया ही नहीं संभालेंगी, बल्कि मतगणना की जिम्मेदारी भी पूरी तरह महिला कर्मचारियों के हाथ में होगी। मतगणना उपमंडलाधिकारी कार्यालय के चांशल सम्मेलन कक्ष में करवाई जाएगी। इसके लिए छह टीमों का गठन किया गया है। इनमें तीन टीमें मतगणना में तैनात रहेंगी, जबकि तीन टीमों को रिजर्व रखा गया है।

रिटर्निंग अधिकारी धर्मेश रामौत्रा ने कहा कि महिला कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, कार्यकुशलता और जिम्मेदारी चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि रोहड़ू नगर परिषद चुनाव शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर