ईसीआई कार्यालय के बाहर एनएसयूआई ने किया कठपुतली प्रदर्शन, हिरासत में लिए गए कार्यकर्ता
- DSS Admin
- Jun 11, 2026
नई दिल्ली, 11 जून (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के हजारों कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) मुख्यालय की ओर विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से कठपुतलियां लेकर विरोध जताया और आयोग की स्वतंत्रता व निष्पक्षता पर सवाल उठाए।
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का आरोप था कि हाल के समय में निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और कुछ निर्णयों ने उसकी निष्पक्षता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पारदर्शिता, जवाबदेही और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता की मांग को लेकर बैनर और तख्तियां भी प्रदर्शित कीं।
जब प्रदर्शनकारी निर्वाचन आयोग कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, तब दिल्ली पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए कई कार्यकर्ताओं और नेताओं को हिरासत में ले लिया और उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
इस दौरान एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि निर्वाचन आयोग एक संवैधानिक संस्था है, जिसका दायित्व नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना है, लेकिन हाल के वर्षों में इसकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को किसी भी राजनीतिक प्रभाव से मुक्त रहकर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द किए जाने सहित कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इससे यह धारणा मजबूत होती है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर राजनीतिक दबाव बढ़ रहा है।
विनोद जाखड़ ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को पुलिस कार्रवाई के जरिए दबाने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिरासत में लेने से लोकतांत्रिक सवालों को दबाया नहीं जा सकता और एनएसयूआई लोकतंत्र, पारदर्शिता और संस्थागत स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अपना आंदोलन जारी रखेगी।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प की भी जानकारी सामने आई, हालांकि स्थिति को बाद में नियंत्रित कर लिया गया।
------------

