धार नगर पालिका कार्यालय में हंगामा और तोड़फोड़ का आरोप, 12 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज

Police per mataki fenkate hue

धार, 19 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के धार नगर पालिका कार्यालय में शासकीय कार्य में बाधा, तोड़फोड़ और अभद्र व्यवहार के मामले में धार पुलिस ने शु्क्रवार को 12 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका परिसर में पहुंचकर हंगामा किया और मुख्य नगर पालिका अधिकारी के कक्ष के बाहर तोड़फोड़ की।

पुलिस के अनुसार जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोहित कामदार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग नगर पालिका परिषद धार के कार्यालय परिसर पहुंचे थे। आरोप है कि भीड़ ने कार्यालय में प्रवेश कर नारेबाजी की और सरकारी कामकाज प्रभावित किया। इस दौरान सीएमओ कक्ष के दरवाजे को नुकसान पहुंचाने की बात भी सामने आई है। घटना को लेकर नगर पालिका कर्मचारी संजय पिता रामगोपाल सिंह ठाकुर, निवासी रासमंडल की शिकायत पर पुलिस ने रोहित कामदार सहित 12 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है।

नामजद आरोपियों में कृष्णा पंवार, परितोष राठौर, बंटी डोड, टोनी छाबड़ा, हेमराज सुजान, गणेश खेर, सिद्धार्थ भूरिया, जितेंद्र चौहान, वाकिफ मोहम्मद, सुनील चौहान और मोहन डामोर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 191(2), 221, 324(2), 351(3) तथा लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इसके अलावा नगर पालिका कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच कर हंगामे में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

धार पुलिस ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। शासकीय कार्य में बाधा डालने, कानून व्यवस्था प्रभावित करने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर